Breaking
Religion

अयोध्या राम मंदिर में दर्शन व्यवस्था बदली, अब 90 दिन पहले बुक होंगे सुगम पास

| Published: | Updated:
अयोध्या राम मंदिर में दर्शन व्यवस्था बदली, अब 90 दिन पहले बुक होंगे सुगम पास
Share:

मुख्य बातें

  • अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन की योजना बना रहे श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है।
  • श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सुगम दर्शन पास की ऑनलाइन व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है, जिससे अब दूर-दराज से आने वाले भक्तों को काफी सुविधा मिलेगी।
  • नई व्यवस्था के तहत अब रोजाना 2000 ऑनलाइन सुगम दर्शन पास जारी किए जा सकेंगे, जो कि पहले की तुलना में दोगुने से भी ज्यादा हैं।
  • अभी तक सभी स्लॉट मिलाकर रोजाना केवल 975 पास ही उपलब्ध हो पाते थे।

अयोध्या (खबर डोज़ ब्यूरो)। अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन की योजना बना रहे श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सुगम दर्शन पास की ऑनलाइन व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है, जिससे अब दूर-दराज से आने वाले भक्तों को काफी सुविधा मिलेगी। नई व्यवस्था के तहत अब रोजाना 2000 ऑनलाइन सुगम दर्शन पास जारी किए जा सकेंगे, जो कि पहले की तुलना में दोगुने से भी ज्यादा हैं। अभी तक सभी स्लॉट मिलाकर रोजाना केवल 975 पास ही उपलब्ध हो पाते थे। इसके साथ ही श्रद्धालु अब अधिकतम 15 दिन के बजाय अपनी यात्रा से 90 दिन पहले ही दर्शन के लिए सुगम पास बुक कर सकेंगे। ट्रस्ट की ओर से पास को एक साथ जारी करने के बजाय चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने की योजना तैयार की गई है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत सुगम दर्शन पास 90 दिन, 62 दिन, 30 दिन, 14 दिन, 7 दिन, 3 दिन और 1 दिन पहले उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा दर्शन वाले दिन तत्काल पास की सुविधा भी सुचारू रूप से जारी रहेगी। ट्रस्ट के महासचिव स्वामी गोविंददेव गिरि ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र, आईटी विभाग और अन्य प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श के बाद इस नई व्यवस्था को अंतिम रूप दिया है। हालांकि यह व्यवस्था अभी पूरी तरह से लागू नहीं हुई है और इसके लिए आवश्यक सॉफ्टवेयर बदलाव व तकनीकी परीक्षण किए जा रहे हैं।

अयोध्या राम मंदिर में दर्शन व्यवस्था बदली, अब 90 दिन पहले बुक होंगे सुगम पास

सत्यापन आधारित बुकिंग प्रणाली और फर्जीवाड़े पर रोक

नई व्यवस्था के तहत पास की बुकिंग प्रक्रिया में सुरक्षा और पारदर्शिता का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। अग्रिम आवेदन करते ही श्रद्धालु का पास तुरंत कन्फर्म नहीं होगा, बल्कि ट्रस्ट एक नई सत्यापन आधारित बुकिंग प्रणाली विकसित कर रहा है। आवेदन जमा होने के बाद तकनीकी सत्यापन किया जाएगा और सामान्य तौर पर 24 से 48 घंटे के भीतर पास जारी करने को लेकर निर्णय की जानकारी दी जाएगी। हालांकि दर्शन वाले दिन मिलने वाले तत्काल पास के लिए यह 24 से 48 घंटे की प्रतीक्षा अवधि लागू नहीं होगी और तत्काल पास की पुष्टि तुरंत की जाएगी। इस प्रणाली का मुख्य उद्देश्य असामान्य और संदिग्ध बुकिंग गतिविधियों की पहचान करना तथा फर्जी या गलत तरीके से की जाने वाली बुकिंग पर सख्ती से रोक लगाना है।

अयोध्या राम मंदिर में दर्शन व्यवस्था बदली, अब 90 दिन पहले बुक होंगे सुगम पास

ट्रस्ट ने यह भी स्पष्ट किया है कि सुगम दर्शन पास पूरी तरह निशुल्क होंगे और इसके लिए श्रद्धालुओं से किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। वरिष्ठ पत्रकार और प्रदेश के पूर्व सूचना आयुक्त सुभाषचंद्र सिंह ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति सुगम पास के नाम पर पैसे की मांग करता है, तो श्रद्धालु इसकी शिकायत सीधे ट्रस्ट से कर सकते हैं। इसके लिए आधिकारिक फोन नंबर 8009522111 और ई-मेल report@srjbtk.org जारी किए गए हैं, जो जल्द ही पूरी तरह सक्रिय हो जाएंगे। शिकायत मिलने पर तुरंत जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे किसी भी एजेंट, दलाल या अनधिकृत वेबसाइट के चक्कर में न आएं और केवल आधिकारिक माध्यमों से ही पास बुक करें।

यह भी पढ़ें