मुंबई (खबर डोज़ ब्यूरो)। मुंबई के चेंबूर इलाके में 'दिल्ली से' नाम का एक छोटा सा रेस्टोरेंट चलाने वाले दो भाइयों की किस्मत बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा और क्रिकेटर विराट कोहली के एक ऑर्डर ने पूरी तरह बदल दी। कभी 18 लाख रुपये के कर्ज में डूबे और दुकान बंद करने की कगार पर पहुंच चुके जसपाल सिंह खालसा और महिंदर सिंह खालसा आज हर महीने दो करोड़ रुपये का कारोबार कर रहे हैं।
यह कहानी सितंबर 2022 में शुरू हुई थी, जब दोनों भाई भारी वित्तीय संकट से जूझ रहे थे। चेंबूर के कैंप इलाके में स्थित उनके 250 वर्ग फुट के छोटे से रेस्टोरेंट में केवल तीन टेबल और नौ सीटें थीं। महीने की कुल बिक्री बमुश्किल एक लाख रुपये थी, जिससे दुकान का खर्च निकालना भी मुश्किल हो रहा था। कर्ज के बोझ से परेशान होकर दोनों भाइयों ने रेस्टोरेंट को हमेशा के लिए बंद करने का मन बना लिया था।

जब विराट कोहली के घर से आया फोन और लगा कि कोई फ्रॉड कर रहा है
इसी दौरान स्टैंड-अप कॉमेडियन अभिषेक उपमन्यु उनके रेस्टोरेंट में छोले-भटूरे खाने आए। उन्हें स्वाद इतना पसंद आया कि उन्होंने इंस्टाग्राम पर इसकी तारीफ कर दी। इसके बाद ग्राहकों की संख्या थोड़ी बढ़ने लगी, लेकिन असली मोड़ तब आया जब यह पोस्ट अनुष्का शर्मा तक पहुंची। दिल्ली की रहने वाली अनुष्का मुंबई में दिल्ली जैसे प्रामाणिक छोले-भटूरे की तलाश में थीं।
जसपाल सिंह खालसा बताते हैं कि 5 अक्टूबर 2022 को उनके पास एक महिला का फोन आया, जिसने जुहू में दो प्लेट छोले-भटूरे डिलीवर करने को कहा। एक प्लेट की कीमत 120 रुपये थी, यानी कुल ऑर्डर 240 रुपये का था। चेंबूर से जुहू की दूरी अधिक होने के कारण जसपाल ने कहा कि डिलीवरी का खर्च ही ऑर्डर से ज्यादा हो जाएगा। लेकिन कॉलर अतिरिक्त भुगतान के लिए तैयार थी।
इसके बाद जब कॉलर ने भुगतान के लिए बैंक खाते की जानकारी मांगी, तो जसपाल को लगा कि कोई उनके साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी करने की कोशिश कर रहा है। उनका बैंक खाता पहले से ही नेगेटिव बैलेंस में था, इसलिए उन्हें डर था कि कहीं बचा-खुचा पैसा भी न चला जाए। लगभग 10 बार फोन आने और काफी बहस के बाद कॉलर ने खुलासा किया कि वह विराट कोहली के घर से बात कर रही हैं। आखिरकार दोनों भाई खुद ऑर्डर लेकर जुहू पहुंचे।

एक इंस्टाग्राम पोस्ट ने कैसे बदल दी दो भाइयों की किस्मत
ऑर्डर डिलीवर करने के बाद जब दोनों भाई वापस लौटे, तो अनुष्का शर्मा ने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी पोस्ट की। उन्होंने लिखा कि मुंबई में दिल्ली जैसे छोले-भटूरे की उनकी तलाश आखिरकार पूरी हो गई है। इस पोस्ट के शेयर होने के आधे घंटे के भीतर ही चेंबूर स्थित रेस्टोरेंट के बाहर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थिति को संभालने के लिए स्थानीय पुलिस को भी मौके पर आना पड़ा।
जसपाल के अनुसार, तीसरे दिन तक उनका छोले का उत्पादन 8 किलो से बढ़कर सीधे 100 किलो तक पहुंच गया। ग्राहकों की मांग इतनी बढ़ गई कि उन्हें आसपास के दुकानदारों से कच्चा माल उधार लेना पड़ा। इस एक घटना ने उनके बिजनेस को 200 गुना बढ़ा दिया। आज 'दिल्ली से' रेस्टोरेंट के मुंबई में चार आउटलेट खुल चुके हैं और जो बिजनेस कभी बंद होने वाला था, वह आज करोड़ों रुपये का टर्नओवर दे रहा है।





