बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने सोशल मीडिया पर बॉलीवुड अभिनेत्री मल्लिका शेरावत के साथ एक वीडियो साझा किया है, जिसने इंटरनेट पर हलचल मचा दी है।
इस वीडियो को पोस्ट करते हुए तेजप्रताप यादव ने लिखा, "जल्द ही कुछ रोमांचक आने वाला है।" वीडियो में दोनों एक साथ बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं, जहां तेजप्रताप अपने मोबाइल फोन में मल्लिका को कुछ दिखा रहे हैं और मल्लिका भी बेहद ध्यान से मोबाइल की तरफ देखते हुए उनसे बातचीत कर रही हैं।
इस वीडियो के बैकग्राउंड में फिल्म 'धुरंधर' का रोमांटिक गाना 'गहरा हुआ' बज रहा है। इस गाने के साथ तैयार किया गया यह छोटा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से लोगों का ध्यान खींच रहा है। हालांकि, तेजप्रताप यादव ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि मल्लिका शेरावत के साथ उनकी यह मुलाकात कब और किस सिलसिले में हुई है, लेकिन उनके द्वारा लिखे गए कैप्शन ने लोगों के बीच उत्सुकता को काफी बढ़ा दिया है।

'भोजपुरी बवाल' शो में जुटे सितारे, तेजप्रताप ने की मेजबानी
दूसरी तरफ, रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' इन दिनों काफी चर्चा में बना हुआ है। शो के तीसरे एपिसोड में भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज कलाकार पवन सिंह, दिनेश लाल यादव 'निरहुआ', आम्रपाली दुबे, काजल राघवानी और तेजप्रताप यादव एक साथ नजर आए। इस खास मौके पर तेजप्रताप यादव ने सभी के लिए एक डिनर का आयोजन किया था।
डिनर टेबल पर बातचीत के दौरान पवन सिंह ने तेजप्रताप यादव को 'दिल का राजा आदमी' बताया। इस पर तेजप्रताप ने तुरंत जवाब देते हुए कहा, "राजा भैया तो यूपी में हैं, हम तो तेजू भैया हैं।" इसके साथ ही पवन सिंह ने काजल राघवानी को अपनी 'पहली जान' बताया।
अश्लीलता के मुद्दे पर हुई चर्चा
डिनर टेबल पर बातचीत के दौरान निरहुआ ने तेजप्रताप यादव को बताया कि वे दोनों बचपन में मिले थे। शुरुआत में माहौल काफी हंसी-मजाक वाला था, लेकिन धीरे-धीरे बातचीत गंभीर होने लगी। तेजप्रताप यादव ने भोजपुरी फिल्मों के गिरते स्तर पर चिंता जताते हुए कहा कि आजकल लोग भोजपुरी की बहुत सी फिल्में पसंद नहीं कर रहे हैं क्योंकि वे बहुत अश्लील हो जा रही हैं। तेजप्रताप की इस बात का समर्थन करते हुए निरहुआ ने कहा कि हां, इसे तो खत्म करना ही होगा। वहीं, काजल राघवानी ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि पहले ऐसी फिल्में बनती थीं, लेकिन आजकल अच्छी फिल्में भी बन रही हैं।


पवन सिंह की एंट्री और काजल राघवानी से नोकझोंक
डिनर के दौरान जब आम्रपाली दुबे ने पूछा कि 'बबुआन' कहां हैं, तो तेजप्रताप ने कहा कि वह जाम में फंसे होंगे। इसके कुछ देर बाद पवन सिंह की फिल्मी अंदाज में एंट्री होती है। पवन सिंह ने आते ही सभी को गले लगाया और आम्रपाली के बगल वाली सीट पर बैठ गए। उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा, "अच्छा देवर-भाभी एक साथ।" इस पर काजल राघवानी ने आपत्ति जताते हुए कहा कि चीजें यहीं से भ्रमित करने वाली शुरू होती हैं कि आप देवर-भाभी वाला रिश्ता क्यों प्ले कर रहे हैं।
जब काजल ने पवन सिंह से देरी से आने का कारण पूछा, तो पवन सिंह ने बताया कि वह कार से आ रहे हैं क्योंकि वह हवाई जहाज से बहुत कम सफर करते हैं। उन्होंने अपने हेलीकॉप्टर सफर का एक पुराना किस्सा भी साझा किया। इसके बाद पवन सिंह अपनी सीट से उठे और काजल को नींबू खिलाते हुए कहा, "थोड़ा सा खा लीजिए, आप मेरी पहली जान हो।"
गुस्से में डिनर छोड़कर निकले पवन सिंह
बातचीत के दौरान जब पवन सिंह ने तेजप्रताप यादव को प्यार से 'राजा भैया' कहा, तो तेजप्रताप ने नाराजगी जताते हुए कहा कि राजा भैया यूपी में हैं और यहां तेजू भैया हैं। पवन सिंह ने सफाई देते हुए कहा कि यह तो प्यार से बोला जाता है। उन्होंने आगे कहा कि भैया उन पर गुस्सा भी करते हैं और मानते भी बहुत हैं। तेजप्रताप ने भी सहमति जताते हुए कहा कि दिल से मानते हैं, तभी तो बुलाया है।
इसके बाद जब निरहुआ ने पवन सिंह को 'पवन जी' कहकर संबोधित किया, तो पवन सिंह नाराज हो गए और उन्होंने कहा कि उन्हें 'पवन जी' न कहा जाए। इसके बाद पवन सिंह नाराज होकर अपनी गाड़ी में बैठकर वहां से चले गए। तेजप्रताप यादव ने उन्हें फोन भी किया, लेकिन पवन सिंह ने फोन नहीं उठाया। इस पर तेजप्रताप ने हैरानी जताते हुए कहा कि उन्होंने डिनर पर बुलाया था और वह इस तरह कैसे चले गए।

काजल राघवानी का निजी जिंदगी पर बड़ा खुलासा
शो के नए हिस्से में अभिनेत्री काजल राघवानी ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। काजल राघवानी का नाम लंबे समय तक खेसारी लाल यादव के साथ अफेयर को लेकर चर्चा में रहा था। शो में अभिनेत्री रानी चटर्जी से बातचीत के दौरान काजल ने बताया कि वह एक शादीशुदा व्यक्ति के साथ 5 साल तक रिलेशनशिप में थीं।
काजल ने बताया कि उस रिश्ते के बाद जो परिस्थितियां बनीं, उससे वह इतनी परेशान हो गई थीं कि उन्होंने साइकेट्रिस्ट के पास जाने के बारे में सोचना शुरू कर दिया था। काजल ने यह भी साझा किया कि मुश्किल वक्त में पवन सिंह ने उन्हें फोन कर सपोर्ट किया था। पवन सिंह ने उनसे कहा था, "बाबू मैं तुझसे गुस्सा हूं, लेकिन कभी भी मेरी जरूरत हो तो बताना, मैं तेरे साथ खड़ा हूं और हमेशा तेरे पीछे रहूंगा। हम साथ काम करें या न करें, लेकिन किसी भी चीज की जरूरत हो तो मुझे बताना।" काजल ने कहा कि उनकी मां भी पवन सिंह को दिल का राजा मानती हैं, जिस पर रानी चटर्जी ने भी सहमति जताई।

बिना शादी मां बनना चाहती हैं आम्रपाली दुबे
इससे पहले शो के एक अन्य क्लिप में आम्रपाली दुबे के बयान ने सबको चौंका दिया था। मंदिर में आशीर्वाद लेने के बाद आम्रपाली ने अपने परिवार के सामने घोषणा की थी कि वह अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा फैसला लेने जा रही हैं। उन्होंने कहा, "मुझे नहीं पता कि इस फैसले का क्या नतीजा होगा, मेरा परिवार और फैंस कैसे रिएक्ट करेंगे, लेकिन मुझे यह करना है। मैं मां बनना चाहती हूं।" उनके इस फैसले पर उनके पिता और बहन ने हैरानी जताई थी, लेकिन आम्रपाली अपने फैसले पर पूरी तरह अडिग नजर आईं।






