भोजपुरी रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' का नया प्रोमो सामने आते ही सोशल मीडिया और दर्शकों के बीच काफी चर्चा में आ गया है। इस शो के नए प्रोमो वीडियो में बिहार के चर्चित राजनेता तेज प्रताप यादव गांव की गलियों में बेहद देसी और बेबाक अंदाज में दिखाई दे रहे हैं। गांव भ्रमण के दौरान तेज प्रताप यादव अपने पिता और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव को याद करते हुए भावुक हो गए। इसके साथ ही शो के एक अन्य प्रोमो में भोजपुरी सिनेमा की दो प्रमुख अभिनेत्रियों काजल राघवानी और आम्रपाली दुबे के बीच गानों के चुनाव और काम को लेकर तीखी तकरार और आरोप-प्रत्यारोप का दौर देखने को मिला है।

गांव फुलवरिया पहुंचे तेज प्रताप, साइकिल चलाई और गाय दुही
प्रोमो वीडियो में देखा जा सकता है कि तेज प्रताप यादव अपने पैतृक गांव फुलवरिया पहुंचते हैं, जहां उन्हें देखने और मिलने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो जाती है। गांव में जुटी भीड़ को देखकर तेज प्रताप यादव कहते हैं कि "यहां जलवा है हमारा।" इसके बाद वे गांव के माहौल में पूरी तरह से रमे हुए नजर आए। प्रोमो में तेज प्रताप पत्रकार शुभांकर मिश्रा के साथ साइकिल चलाते दिखते हैं। इसके अलावा वे गांव में गाय दुहते, पान खाते और खुद से मशीन चलाकर गन्ने का रस निकालकर पीते हुए दिखाई दे रहे हैं।

पिता लालू यादव को याद कर छलके तेज प्रताप के आंसू
शो के दौरान अपनी व्यक्तिगत जिंदगी पर चर्चा करते हुए तेज प्रताप यादव काफी इमोशनल हो गए। उन्होंने माना कि घर और परिवार से दूर अलग रहने पर मन में तकलीफ होती है। तेज प्रताप ने कहा कि हर बेटा चाहता है कि वह अपने पिता के पदचिह्नों पर चले और उनकी तरह ही समाज में नाम कमाए। अपने पिता लालू प्रसाद यादव का जिक्र करते हुए उन्होंने भावुक स्वर में कहा, "अगर भगवान ने यही लिखा है तो यही होगा, इसमें कोई कुछ नहीं कर सकता।" तेज प्रताप का यह भावुक अंदाज दर्शकों का ध्यान खींच रहा है।

काजल राघवानी और आम्रपाली दुबे के बीच छिड़ा विवाद
दूसरी तरफ, 'भोजपुरी बवाल' के एक अन्य प्रोमो में भोजपुरी फिल्म जगत की दो लोकप्रिय अभिनेत्रियों काजल राघवानी और आम्रपाली दुबे के बीच तीखी बहस देखने को मिली। जिम में वर्कआउट के दौरान काजल राघवानी अभिनेत्री रानी चटर्जी के सामने अपना दुखड़ा सुनाती हैं। काजल का आरोप है कि दिनेश लाल यादव (निरहुआ) के साथ उनका एक गाना तय हुआ था, जो उनके ऊपर शूट होना था, लेकिन बाद में उन्हें जानकारी मिली कि वह गाना आम्रपाली दुबे पर शिफ्ट कर दिया गया। इस मुद्दे पर आम्रपाली दुबे भी अपना पक्ष रखती नजर आती हैं और दोनों के बीच विवाद काफी बढ़ जाता है।
दिनेश लाल यादव की टिप्पणी और काजल का रुख
प्रोमो में दिखाया गया है कि आम्रपाली दुबे और अभिनेता दिनेश लाल यादव गाड़ी में बैठकर वीडियो कॉल के जरिए बात कर रहे हैं। बातचीत के दौरान दिनेश कहते हैं कि काजल कुछ भी बकवास करती है। वीडियो कॉल पर दिनेश आम्रपाली से कहते नजर आते हैं कि काजल का हमेशा यही इल्जाम रहता है कि उन्हें फिल्म से निकाल दिया जाता है, और वे इसी के लायक हैं। इसके जवाब में काजल राघवानी प्रोमो में कहती हैं कि उनके पास न तो कोई राजनेता है और न ही कोई नेता, वे अकेले ही अपने दम पर काम कर रही हैं।

सोशल मीडिया पर झलका काजल राघवानी का दर्द
विवाद के बीच काजल राघवानी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक विस्तृत नोट साझा कर इंडस्ट्री में 'आउटसाइडर' कहे जाने पर अपना दर्द व्यक्त किया है। काजल ने लिखा कि वे गुजराती हैं और पिछले 16 वर्षों से भोजपुरी इंडस्ट्री में लगातार काम कर रही हैं। उन्होंने लिखा कि उन्हें बार-बार यह अहसास कराया जाता है कि वे बाहरी हैं और रो-रोकर सहानुभूति या काम मांग रही हैं। काजल ने स्पष्ट किया कि उन्होंने हमेशा भोजपुरी माटी और इस इंडस्ट्री को अपनी कर्मभूमि माना है। उन्होंने कहा कि अगर उन्होंने इस धरती को अपनाया नहीं होता, तो वे इतने सालों तक टिक नहीं पातीं।
पवन सिंह पर भी लगाए थे गंभीर आरोप
गौरतलब है कि इससे पहले जारी हुए एक प्रोमो में काजल राघवानी ने भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह पर भी गंभीर आरोप लगाए थे। काजल ने दावा किया था कि एक शूटिंग के दौरान पवन सिंह ने उनसे जबरदस्ती किसिंग सीन कराने का प्रयास किया था। काजल के अनुसार, जब उन्होंने इस सीन को करने से साफ मना कर दिया, तो पवन सिंह सेट छोड़कर चले गए थे। काजल ने कहा था कि उन्होंने हमेशा सबकी इज्जत की है, लेकिन हर इंसान सम्मान के लायक नहीं होता। इन सभी विवादों और तेज प्रताप के इमोशनल अंदाज ने शो को सुर्खियों में ला दिया है।





