खबर डोज़ ब्यूरो। दीपावली और छठ पर्व पर बिहार आने-जाने वाले यात्रियों को राहत देने के लिए भारतीय रेलवे ने एक बड़ी सुविधा शुरू की है। अब उन विशेष ट्रेनों की जानकारी यात्रियों के सीधे मोबाइल फोन पर भेजी जाएगी, जिनमें सीटें खाली उपलब्ध होंगी। सामान्य ट्रेनों में सीटें पहले ही फुल हो चुकी हैं और विमानों का किराया भी बढ़ गया है, ऐसे में यह पहलत्योहार के दौरान घर जाने वाले यात्रियों के लिए मददगार साबित होगी।
रेलवे से जुड़े जानकारों के अनुसार, छठ पर्व के दौरान हर साल बिहार में पांच लाख से अधिक यात्रियों का आना-जाना होता है। इनमें दिल्ली, मुंबई और सूरत जैसे महानगरों से सफर करने वाले यात्रियों की संख्या सबसे ज्यादा रहती है। यात्रियों की इस भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे की टेक्निकल टीम ने पिछले दो वर्षों के दौरान बिहार की ओर यात्रा करने वाले करीब चार लाख यात्रियों के मोबाइल नंबर एकत्रित किए हैं। इन नंबरों में वे यात्री भी शामिल हैं जो नियमित ट्रेनों में टिकट नहीं पा सके थे या वेटिंग लिस्ट में हैं।

मोबाइल पर मिलेगा स्पेशल ट्रेनों का अपडेट
यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे बल्क मैसेज के माध्यम से इन मोबाइल नंबरों पर खाली सीटों वाली स्पेशल ट्रेनों की जानकारी साझा करेगा। पिछले वर्ष देश भर में 12 हजार से अधिक स्पेशल ट्रेनों के फेरे चलाए गए थे, जिनमें अकेले पूर्व मध्य रेलवे की ओर से सात हजार से अधिक फेरे संचालित हुए थे। इन ट्रेनों के जरिए एक करोड़ से अधिक अतिरिक्त सीटों का बंदोबस्त किया गया था।
इस वर्ष भी यात्रियों की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन की व्यापक तैयारी की है। पूर्व मध्य रेलवे की ओर से अभी तक स्पेशल ट्रेनों के करीब एक हजार फेरों की घोषणा की जा चुकी है, जो अक्टूबर के मध्य से नवंबर के अंत तक संचालित होंगी। इसके अलावा इस बार करीब 13 हजार से अधिक स्पेशल ट्रेनें फेरे लगाएंगी और ट्रेनों में 150 अतिरिक्त एसी कोच जोड़ने पर भी विचार किया जा रहा है।

पूर्व मध्य रेलवे का आधिकारिक बयान
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि छठ पर्व पर यात्रियों को सुगम यात्रा सुविधा देने के लिए रेलवे ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वर्तमान में कई स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की जा चुकी है और जिन रूटों पर अभी तक ट्रेनों का ऐलान नहीं हुआ है, वहां भी जल्द ही नई सेवाएं शुरू की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान यात्रियों को राहत देने के लिए उनके मोबाइल पर विशेष ट्रेनों की जानकारी भेजी जा रही है, जिसके लिए हाल के महीनों में बिहार आने वाले यात्रियों का डेटा जुटाया गया है। रेलवे का प्रयास है कि त्योहार के इस सीजन में यात्रियों को आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।





