New Delhi (खबर डोज़ ब्यूरो) कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियों की सिफारिश पर नई दिल्ली के चार किलोमीटर के दायरे में इंटरनेट सेवाएं 24 घंटे के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दी गई हैं। गृह मंत्रालय की मंजूरी मिलने के बाद यह पाबंदी शुक्रवार रात 10 बजे से लागू होकर शनिवार रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगी। अधिकारियों के अनुसार जनपथ-कर्तव्य पथ चौराहे के आसपास का इलाका इस पाबंदी के दायरे में आता है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष और सीजेपी के इस प्रदर्शन के चलते आम जनजीवन पर भी असर पड़ा है। दिल्ली पुलिस के अनुरोध पर दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने शुक्रवार रात 9 बजे से शनिवार तक कुल 57 मेट्रो स्टेशनों को बंद रखने का फैसला किया है। इसके साथ ही सराय काले खां और न्यू अशोक नगर नमो भारत स्टेशन भी शुक्रवार रात 9 बजे से शनिवार रात 10 बजे तक बंद रहेंगे। रेलवे ने एहतियाती कदम उठाते हुए दिल्ली के रेलवे स्टेशनों पर आने वाली कई ट्रेनों की सेवाएं भी रद्द की हैं।

कनॉट प्लेस के बाजार और व्यावसायिक प्रतिष्ठान रहेंगे बंद
विरोध प्रदर्शन और सुरक्षा पाबंदियों को देखते हुए व्यापारियों के संगठनों ने भी अपने स्तर पर एहतियात बरतना शुरू कर दिया है। नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन ने एक एडवाइजरी जारी करते हुए घोषणा की है कि शनिवार को कनॉट प्लेस क्षेत्र की सभी दुकानें, दफ्तर, रेस्टोरेंट और अन्य कमर्शियल प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रहेंगे।
नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अतुल भार्गव ने इस एडवाइजरी के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि यह फैसला मौजूदा हालातों और प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देशों को ध्यान में रखकर लिया गया है। एसोसिएशन ने व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे पूरी तरह सतर्क रहें और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए प्रशासन द्वारा जारी की गई सलाह का सख्ती से पालन करें।

धारा 163 लागू और प्रशासन की कड़ी चेतावनी
सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए नई दिल्ली इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू कर दी गई है। दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि जो भी व्यक्ति या समूह कानून-व्यवस्था का उल्लंघन करता हुआ पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और सुरक्षा बल संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त कर रहे हैं ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोका जा सके।





