आईपीएल की सबसे सफल टीमों में से एक चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) में बड़े बदलाव की तैयारी चल रही है। लंबे समय तक टीम के साथ रहे हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने टीम छोड़ दी है, जिसके बाद अब फ्रेंचाइजी में नए दौर की शुरुआत होने जा रही है।
चेन्नई सुपर किंग्स में एक नए दौर की शुरुआत के तहत कई बड़े प्रशासनिक और रणनीतिक फेरबदल देखने को मिल सकते हैं। 18 साल तक टीम के साथ रहे स्टीफन फ्लेमिंग के हटने के बाद अब टीम प्रबंधन नए सिरे से संयोजन तैयार कर रहा है। आने वाले तीन से चार महीनों में होने वाले घरेलू टूर्नामेंट्स में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर नए हेड कोच, कप्तान और टीम में बाकी बदलावों पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।
महेंद्र सिंह धोनी की नई भूमिका और कप्तानी के समीकरण
लंबे समय तक टीम की पहचान रहे महेंद्र सिंह धोनी अब खिलाड़ी के बजाय मेंटर की भूमिका निभा सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, सीएसके मैनेजमेंट धोनी को टीम का मेंटर बनाने पर विचार कर रहा है, हालांकि इस फैसले पर आखिरी मुहर तभी लगेगी जब खुद धोनी इसके लिए सहमति देंगे। अगर धोनी खिलाड़ी के तौर पर टीम से जुड़े रहना चाहते हैं, तो फ्रेंचाइजी उनके फैसले का पूरा सम्मान करेगी। पिछले सीजन में घुटने की चोट के कारण वह एक भी मैच नहीं खेल पाए थे।

संजू सैमसन बन सकते हैं नए कप्तान
सीएसके अब नए कप्तान की तलाश में भी जुट गई है। सूत्रों के अनुसार, राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रहे संजू सैमसन इस जिम्मेदारी के सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। संजू ने पहले भी अपनी कप्तानी में राजस्थान को प्लेऑफ तक पहुंचाया है और उनकी शांत सोच व आक्रामक बल्लेबाजी को देखते हुए सीएसके उन्हें भविष्य के कप्तान के रूप में देख रही है। पिछले सीजन में ऋतुराज गायकवाड़ ने टीम की कप्तानी की थी, लेकिन पिछले तीन सीजन में चेन्नई का प्रदर्शन लगातार गिरा है। टीम 2024 में पांचवें, 2025 में दसवें और 2026 में आठवें स्थान पर रही थी।
धोनी के करियर और कप्तानी की बात करें तो उन्होंने अपनी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स को पांच बार आईपीएल चैंपियन बनाया है। साल 2023 में टीम ने आखिरी बार ट्रॉफी जीती थी और वही धोनी का आखिरी सीजन भी था जब उन्होंने कप्तानी संभाली थी। आईपीएल इतिहास में धोनी ने 226 मुकाबलों में कप्तानी की और 133 मैचों में टीम को जीत दिलाई। वह 100 या उससे ज्यादा मैच जीतने वाले पहले और इकलौते कप्तान हैं। उन्होंने अब तक 278 आईपीएल मुकाबले खेले हैं, 5,439 रन बनाए हैं और विकेटकीपर के रूप में 158 कैच व 47 स्टंपिंग की हैं।
दूसरी ओर, स्टीफन फ्लेमिंग साल 2009 से चेन्नई के हेड कोच थे और उनकी कोचिंग में टीम ने पांच आईपीएल खिताब जीते। यह फैसला आपसी सहमति से लिया गया है। इसके अलावा दिल्ली कैपिटल्स के कोच हेमंग बदानी का नाम भी नए हेड कोच की रेस में शामिल बताया जा रहा है, हालांकि अभी तक इस पर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।





