राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के परिवार से अलग होने के बाद उनके बड़े बेटे तेज प्रताप यादव का दर्द एक बार फिर छलका है। एक नए भोजपुरी रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' के प्रोमो में तेज प्रताप यादव ने अपनी निजी और राजनीतिक जिंदगी की तुलना प्रसिद्ध फिल्म 'बाहुबली' की कहानी से की है। उन्होंने कहा कि उनकी जिंदगी में भी एक 'कटप्पा' था, जिसने उनके साथ गद्दारी की। तेज प्रताप का कहना है कि अगर ऐसा नहीं हुआ होता, तो कृष्ण और अर्जुन आज भी साथ रहते।

मेरी जिंदगी की कहानी बाहुबली जैसी: तेज प्रताप यादव
रियलिटी शो के प्रोमो में अपने जीवन के बारे में बताते हुए तेज प्रताप यादव ने खुद को बाहुबली बताया। उन्होंने कहा कि जो कहानी फिल्म 'बाहुबली' में दिखाई गई है, ठीक वही कहानी उनके साथ रियल लाइफ में हुई है। तेज प्रताप ने कहा, "मैं बाहुबली था और मेरे साथ कटप्पा जैसी गद्दारी हुई है। इसी कारण नई पार्टी बनी है। कटप्पा बाहुबली को मारने में लगा हुआ है, वरना कृष्ण और अर्जुन साथ में रहते।" पार्टी पर कब्जे की बात करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों ने शुरू से ही पार्टी पर कब्जा कर लिया था और यह बात किसी से छिपी नहीं है, सब लोग देख रहे हैं।
पैतृक गांव फुलवरिया में निकाला गन्ने का रस और दुहा दूध
इससे पहले के प्रोमो वीडियो में तेज प्रताप यादव गोपालगंज स्थित अपने पैतृक गांव फुलवरिया में साइकिल चलाते और स्थानीय लोगों से मिलते नजर आए थे। वहां लोगों की भीड़ जुटने पर उन्होंने कहा, "यहां जलवा है हमारा।" गांव में उन्होंने गन्ने का जूस निकाला, पान खाया और गाय का दूध भी दुहा। अपने पैतृक घर से अलग रहने के सवाल पर भावुक होते हुए तेज प्रताप ने कहा कि हर बेटा चाहता है कि वह अपने पिता की तरह आगे बढ़े और नाम कमाए। लेकिन जब विधाता ने यही लिखा है तो यही सही। लालू यादव की तरह दिखने के सवाल पर उन्होंने खुशी जताई।

मल्लिका शेरावत के साथ साझा किया नया वीडियो
तेज प्रताप यादव ने बॉलीवुड अभिनेत्री मल्लिका शेरावत के साथ सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है। वीडियो में मल्लिका शेरावत उन्हें ब्लेजर पहनाती हुई नजर आ रही हैं। इसके कैप्शन में तेज प्रताप ने लिखा, "कमिंग सून... कुछ बहुत बड़ा आने वाला है। बहुत जल्द पूरे देश और पूरे एशिया को कुछ नया देखने को मिलने वाला है।" उन्होंने आगे लिखा कि मल्लिका शेरावत के साथ उनका एक सस्पेंस प्रोजेक्ट आने वाला है और बहुत जल्द इस राज से पर्दा उठेगा।
'भोजपुरी बवाल' में काजल राघवानी और पवन सिंह का प्यार का इजहार
रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' के दूसरे प्रोमो में भोजपुरी अभिनेत्री काजल राघवानी और पावरस्टार पवन सिंह के बीच बातचीत देखने को मिली। वीडियो में जब पवन सिंह काजल से पूछते हैं कि जीवन में प्यार कब हुआ था, तो काजल जवाब देती हैं, "आप से ही हुआ था।" इसके बाद पवन सिंह के दुबली होने का कारण पूछने पर काजल अपनी आंखों की ओर इशारा करते हुए कहती हैं कि आपका प्यार और आशीर्वाद मिल गया तो क्या प्रॉब्लम है। इस दौरान दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' और तेज प्रताप यादव भी ठहाका लगाते नजर आते हैं।
उल्लेखनीय है कि काजल राघवानी ने पिछले दिनों पवन सिंह पर सेट पर जबरदस्ती किसिंग सीन करवाने का आरोप लगाया था। प्रोमो में रानी चटर्जी भी यह कहती दिखती हैं कि मना करने पर पवन सिंह सेट छोड़कर चले गए थे।

अदाकाराओं के बीच तकरार और निरहुआ का बयान
शो के दौरान भोजपुरी अभिनेत्री काजल राघवानी और आम्रपाली दुबे के बीच भी तीखी नोकझोंक देखी गई। काजल ने आरोप लगाया कि एक गाना उनके और दिनेश लाल यादव के लिए था, जिसे बाद में आम्रपाली के ऊपर शिफ्ट कर दिया गया। वहीं, दिनेश लाल यादव (निरहुआ) और आम्रपाली दुबे गाड़ी में वीडियो कॉल पर बात करते दिखते हैं। निरहुआ कहते हैं कि काजल कुछ भी बकवास करती हैं और बोलते हैं, "हम उन्हें फिल्म से निकाल देते हैं, तो आप इसी के लायक हो।" इस पर काजल कहती हैं कि उनके पास कोई नेता या राजनेता नहीं है और वह अकेली ही चल रही हैं।
'आउटसाइडर' कहे जाने पर सोशल मीडिया पर छलका काजल का दर्द
काजल राघवानी ने इंस्टाग्राम पर एक नोट लिखकर अपना दर्द साझा किया है। उन्होंने लिखा कि उन्हें बार-बार यह अहसास कराया जाता है कि वह गुजराती हैं और एक बाहरी (आउटसाइडर) हैं। काजल ने लिखा कि 16 साल से भोजपुरी इंडस्ट्री में काम कर रही हैं और अगर उन्होंने यहां की धरती और इंडस्ट्री को अपना नहीं माना होता, तो इतने साल रह नहीं पातीं। उन्होंने विक्टिम कार्ड खेलने और रो-रोकर काम मांगने के आरोपों का भी सख्त विरोध किया।





