New Launch: अगर आप सोचते हैं कि मोबाइल नेटवर्क नहीं है, तो किसी से बात करना नामुमकिन है... तो अब यह सोच बदलने वाली है। सरकारी टेलीकॉम कंपनी BSNL एक ऐसा फोन लेकर आई है, जो बिना मोबाइल टावर और बिना नेटवर्क के भी कॉल कर सकता है। लेकिन रुकिए... यह कोई आम स्मार्टफोन नहीं है। न इसमें सोशल मीडिया चलाने के लिए बनाया गया है और न ही यह हर किसी के लिए उपलब्ध है। इसकी कीमत भी इतनी है कि लोग इसकी तुलना iPhone और Samsung के सबसे महंगे फोनों से कर रहे हैं।

तो आखिर क्या है BSNL का यह नया Satellite Phone, इसकी कीमत इतनी ज्यादा क्यों है और कौन लोग इसका इस्तेमाल कर सकते हैं? आइए, आसान भाषा में पूरी जानकारी जानते हैं।
दरअसल, BSNL ने अपना नया सैटेलाइट फोन "Communication Beyond Boundaries" थीम के साथ पेश किया है। इस फोन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह सामान्य मोबाइल नेटवर्क पर निर्भर नहीं रहता। यानी अगर आसपास कोई मोबाइल टावर नहीं है, तब भी इस फोन से कॉल की जा सकती है।
यह फोन सीधे सैटेलाइट से जुड़कर काम करता है। इसके लिए BSNL ने Inmarsat जैसे ग्लोबल सैटेलाइट नेटवर्क पार्टनर्स के साथ मिलकर काम किया है। यही वजह है कि यह उन जगहों पर भी कनेक्टिविटी दे सकता है, जहां सामान्य मोबाइल नेटवर्क बिल्कुल नहीं पहुंचता।

किसके लिए यह फोन बेस्ट है?
मान लीजिए कोई व्यक्ति ऊंचे पहाड़ों में है, समुद्र के बीच जहाज पर है, घने जंगल में काम कर रहा है या फिर किसी ऐसी जगह मौजूद है जहां प्राकृतिक आपदा के कारण सभी मोबाइल टावर बंद हो गए हैं। ऐसी स्थिति में सामान्य मोबाइल फोन काम नहीं करेंगे, लेकिन सैटेलाइट फोन से संपर्क बनाए रखना संभव होगा। यही कारण है कि इस फोन को खास परिस्थितियों के लिए तैयार किया गया है।
फोन का डिजाइन भी काफी मजबूत रखा गया है। इसमें रग्ड बॉडी दी गई है, जो धूल, पानी और झटकों को आसानी से झेल सकती है। इसके अलावा इसमें लंबी बैटरी लाइफ भी दी गई है, ताकि बिजली की सुविधा नहीं होने पर भी इसे लंबे समय तक इस्तेमाल किया जा सके।
कीमत क्या होगी?
BSNL के इस सैटेलाइट फोन की कीमत टैक्स सहित 1 लाख 34 हजार 166 रुपये रखी गई है। यानी यह कई प्रीमियम स्मार्टफोन्स से भी महंगा है। यही वजह है कि इसकी चर्चा हर तरफ हो रही है। लेकिन इसकी कीमत ज्यादा होने की भी एक बड़ी वजह है। यह फोन सिर्फ कॉल करने के लिए नहीं, बल्कि बेहद कठिन और आपातकालीन परिस्थितियों में भरोसेमंद संचार उपलब्ध कराने के लिए बनाया गया है। इसमें इस्तेमाल होने वाली सैटेलाइट तकनीक सामान्य मोबाइल तकनीक से कहीं अधिक महंगी होती है।
क्या आम लोग इस फोन को खरीद सकते हैं?
जवाब है फिलहाल तो नहीं, कम से कम बिना अनुमति के नहीं। भारत में सैटेलाइट फोन का इस्तेमाल दूरसंचार विभाग यानी DoT के नियमों के तहत होता है। किसी भी व्यक्ति या संस्था को इस फोन का उपयोग करने के लिए विशेष सरकारी अनुमति या लाइसेंस की जरूरत होती है। बिना मंजूरी के इसका इस्तेमाल करना नियमों के खिलाफ माना जाता है। यानी अगर आप सोच रहे हैं कि यह फोन खरीदकर रोजमर्रा के इस्तेमाल में लेंगे, तो ऐसा संभव नहीं है।

BSNL के मुताबिक, यह फोन खास तौर पर उन लोगों के लिए बनाया गया है जो बेहद कठिन इलाकों या जोखिम भरी परिस्थितियों में काम करते हैं। इनमें रक्षा और सुरक्षा बल, नौसेना और समुद्री सेवाओं से जुड़े लोग, आपदा प्रबंधन की टीमें, खनन क्षेत्रों में काम करने वाले कर्मचारी, पर्वतारोहण और ट्रैकिंग करने वाले लोग, दूर-दराज के इलाकों में काम करने वाले अधिकारी और एडवेंचर ट्रैवलर्स शामिल हैं।

ऐसे लोगों के लिए यह फोन किसी लाइफलाइन से कम नहीं है, क्योंकि आपात स्थिति में संपर्क बना रहना सबसे जरूरी होता है। कुल मिलाकर BSNL का यह नया सैटेलाइट फोन आम स्मार्टफोन नहीं, बल्कि एक विशेष संचार उपकरण है। इसकी कीमत जरूर ज्यादा है, लेकिन इसे उन परिस्थितियों के लिए बनाया गया है जहां सामान्य मोबाइल पूरी तरह बेकार हो जाते हैं। ऐसे में यह फोन लोगों की सुरक्षा और आपातकालीन संचार के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।





